रांची: झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र 1 अगस्त (शुक्रवार) से शुरू होने जा रहा है। यह सत्र कुल सात दिनों का होगा, जिसमें पांच दिन कार्यवाही चलेगी और दो दिन अवकाश रहेगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रवींद्रनाथ महतो ने सत्र का संभावित कार्यक्रम जारी किया।
सत्र के पहले दिन यानी 1 अगस्त को नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण होगा। इसके अलावा, सत्र के अंतराल में राज्यपाल द्वारा जारी अध्यादेशों की प्रतियां सभा पटल पर रखी जाएंगी और पूर्व दिवंगत सदस्यों के प्रति शोक प्रस्ताव भी पारित किया जाएगा।
2 और 3 अगस्त को विधानसभा की कार्यवाही स्थगित रहेगी। 4 अगस्त को प्रश्नोत्तर काल के साथ-साथ वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए द्वितीय वर्ष की प्रथम अनुपूरक व्यय विवरणी पेश की जाएगी।
5 अगस्त को प्रश्नोत्तर काल के उपरांत उक्त व्यय विवरणी पर सामान्य चर्चा, मतदान तथा संबंधित विनियोग विधेयक का प्रस्तुतीकरण और पारण किया जाएगा।
6 अगस्त को भी प्रश्नोत्तर काल के साथ राज्य सरकार की ओर से विधेयकों की प्रस्तुति और अन्य राजकीय कार्य संपन्न होंगे। वहीं, सत्र के अंतिम दिन 7 अगस्त को प्रश्नोत्तर काल के अतिरिक्त राजकीय विधेयकों पर चर्चा, अन्य सरकारी कार्य और गैर सरकारी संकल्प लिए जाएंगे।
इस मानसून सत्र के दौरान सरकार और विपक्ष के बीच अहम मुद्दों पर बहस की संभावना है। वित्तीय मामलों के अलावा सरकार द्वारा लाए जाने वाले विधेयकों पर भी सबकी नजरें टिकी रहेंगी।