रांची, झारखंड | 22 जून 2025
आजसू पार्टी ने रविवार को रांची के खेलगांव स्थित हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में अपना स्थापना दिवस ‘बलिदान दिवस’ के रूप में मनाया। इस अवसर पर पार्टी सुप्रीमो सुदेश महतो ने राज्य सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए झारखंड के ज्वलंत मुद्दों को जोर-शोर से उठाया। समारोह में गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, मांडू विधायक तिवारी प्रसाद महतो, केंद्रीय प्रवक्ता देवशरण भगत सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और झारखंड आंदोलनकारी शामिल हुए।
कार्यक्रम के लिए रांची शहर को झंडों और बैनरों से सजाया गया था। झारखंड के 24 जिलों और 264 प्रखंडों से कार्यकर्ता रांची पहुंचे थे।
सुदेश महतो का बयान: अब समय है एकजुट होकर झारखंड की लड़ाई लड़ने का
अपने संबोधन में सुदेश महतो ने कहा कि आजसू पार्टी झारखंड अलग राज्य की लड़ाई की मुख्य धुरी रही है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि सभी झारखंडी फिर से एकजुट होकर राज्य के हक और अधिकार की लड़ाई लड़ें।
उन्होंने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आंदोलनकारियों की मान्यता के नाम पर राजनीतिक दिखावा किया जा रहा है। युवाओं से हर साल पांच लाख नौकरी का वादा कर सरकार ने केवल झूठे सपने बेचे हैं। महिलाओं के साथ भी ‘मैया सम्मान योजना’ के नाम पर छल किया गया है।
सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने सरकार को बताया घोटालों की जननी
गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने राज्य सरकार को घोटालों की सरकार बताया। उन्होंने कहा कि मनरेगा, JPSC, JSSC, और पेयजल जैसी योजनाओं में भारी भ्रष्टाचार हुआ है। सरकार केवल अपनी छवि चमकाने में लगी है, जनता के लिए कुछ नहीं किया गया।
देवशरण भगत ने कहा, सरकार सिर्फ ढोंग कर रही है
पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता देवशरण भगत ने कहा कि राज्य की वर्तमान सरकार सिर्फ दिखावा कर रही है। युवाओं को ठगा गया है, शहीद परिवारों की अनदेखी हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि अबुआ दिशोम, अबुआ राज की बात करने वाली सरकार वास्तव में जनहित में काम कर भी रही है या नहीं।
युवाओं में जोश, बड़ी संख्या में हुई सदस्यता
इस मौके पर बड़ी संख्या में युवाओं ने आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। यह पार्टी के लिए आगामी विधानसभा चुनावों से पहले संगठनात्मक मजबूती का संकेत है।