बहरागोड़ा, 23 जून संवाददाता (निलेश बेरा) – भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि कश्मीर आज भारत का अभिन्न हिस्सा है तो उसका श्रेय डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी को जाता है। वे भारतीय जनसंघ के संस्थापक थे और उन्होंने “एक देश, एक विधान” के सिद्धांत को लेकर निर्णायक आंदोलन किया था।
डॉ. गोस्वामी भाजपा बहरागोड़ा मंडल कार्यालय में आयोजित डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा मिला था, जिसके तहत उसका अलग संविधान, झंडा और प्रधानमंत्री का पद था। शेष भारत के नागरिकों को वहां प्रवेश के लिए अनुमति लेनी होती थी, जिसका डॉ. मुखर्जी ने विरोध किया।
उन्होंने बताया कि डॉ. मुखर्जी ने “एक देश, दो विधान, दो निशान, दो प्रधानमंत्री” के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन छेड़ा और इसी संघर्ष के दौरान उनका बलिदान हुआ। डॉ. गोस्वामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनुच्छेद 370 हटाकर डॉ. मुखर्जी के संकल्प को साकार किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष राजकुमार कर ने की। मंच पर सुमन कल्याण मंडल, गौरी शंकर महतो सहित अन्य वरिष्ठ भाजपा नेता भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नेता शामिल हुए।