Responsive Menu
Add more content here...

बड़ाघाट मेला से पहले दुबराजपुर में पेयजल संकट गहराया

Spread the love

छह जुलाई को मेला, दो जल मीनार खराब, 70 परिवार परेशान

चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) :
चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत चालुनिया पंचायत के दुबराजपुर गांव के बड़ाघाट टोला में भीषण पेयजल संकट ने स्थानीय निवासियों की नींद उड़ा दी है। टोला में सोलर आधारित कुल पांच जल मीनार हैं, जिनमें से दो मीनार कई महीनों से खराब पड़े हैं। यही नहीं, टोले के दोनों चापाकल भी खराब हो चुके हैं, जिससे करीब 70 परिवारों को नहाने और पीने के पानी के लिए एक किलोमीटर दूर तालाब का सहारा लेना पड़ रहा है।

ग्राम प्रधान बैद्यनाथ हांसदा और ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि आने वाले 6 जुलाई को बड़ाघाट मेला का आयोजन होना है, जिसमें झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा से भारी संख्या में श्रद्धालु जुटेंगे। इस भीड़ के बीच पेयजल संकट और अधिक गंभीर हो जाएगा।

इस संबंध में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कनीय अभियंता भागीरथ रवानी ने कहा कि उन्हें इस खराबी की जानकारी नहीं थी। उन्होंने आश्वस्त किया कि संबंधित पंचायत प्रतिनिधि को जानकारी देकर जल्द ही सभी जल मीनारों की मरम्मत कराई जाएगी।