Responsive Menu
Add more content here...

बहरागोड़ा सीएचसी में भावुक विदाई समारोह, दो एएनएम को नम आंखों से दी गई विदाई

Spread the love

बहरागोड़ा | अबुआ खबर संवाददाता (एन. बेरा)

बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में शुक्रवार को एक भावुक माहौल के बीच सेवानिवृत्त एएनएम लक्ष्मीप्रिया बेरा और मीना कुमारी को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। सीएचसी प्रभारी डॉ. उत्पल मुर्मू की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में दोनों एएनएम को सीएचसी परिवार की ओर से सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने उन्हें स्मृति-चिह्न, उपहार, वस्त्र, छाता और बुके भेंट कर विदाई दी। इस मौके पर सीएचसी प्रभारी डॉ. मुर्मू ने कहा कि —

“विदाई एक स्वाभाविक प्रक्रिया है, लेकिन किसी कर्मठ और समर्पित सहकर्मी को विदा करना हमेशा भावुक कर देता है। दोनों एएनएम ने अपनी सेवा के दौरान स्वास्थ्य विभाग को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया।”

लक्ष्मीप्रिया बेरा ने अपने सेवाकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए सभी का आभार जताते हुए कहा कि सीएचसी परिवार से मिला स्नेह और सहयोग उन्हें हमेशा याद रहेगा।

दोनों एएनएम वर्ष 1986 में स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी थीं और 38 वर्षों तक समर्पित भाव से सेवा दी। 31 अक्टूबर 2025 को वे अपने पद से सेवानिवृत्त हुईं।

समारोह में पूर्व सीएचसी प्रभारी डॉ. ओमप्रकाश चौधरी, डॉ. सुपर्णा नायक, बड़ाबाबू कालीपद देहुरी, लैब टेक्नीशियन दिनेश घोष, एएनएम अर्चना बाहुटी, पंकज महतो सहित सभी स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।

अस्पताल परिसर में हुए इस विदाई समारोह के दौरान कई बार माहौल भावुक हो उठा और सहयोगियों ने नम आंखों से दोनों सेवानिवृत्त कर्मियों को विदाई दी।