बहरागोड़ा, संवाददाता (बापुन)
राज्य के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन पर रविवार की शाम बहरागोड़ा झामुमो कार्यालय में शोक सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने मंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रखंड अध्यक्ष असित मिश्रा ने कहा कि रामदास सोरेन एक सरल और सहज व्यक्तित्व के धनी थे। वे हमेशा पार्टी और जनसेवा के लिए समर्पित रहे। उनका जाना झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले और शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान हो।
शोक सभा में निर्मल दुबे, प्रो. श्याम मुर्मू, रास बिहारी साव, सुमित मइती, बापी साहू, देवाशीष पैरा, साजन बेरा, जगदीश राय, बिरसा मुंडा, देबदत्ता साहू, सुब्रत पानी, राजू मन्ना समेत अनेक कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत मंत्री के आदर्शों और विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।