बहरागोड़ा संवाददाता (निलेश बेरा) : बहरागोड़ा प्रखंड के केशरदा पंचायत अंतर्गत बाघरांचूड़ा गांव में सोमवार को विधायक समीर महंती और सांसद प्रतिनिधि कुमार गौरव पुष्टि ने संयुक्त रूप से नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। यह कार्य लंबे समय से बरसात के मौसम में हो रहे जल जमाव और कीचड़ की समस्या को दूर करने के लिए किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बरसात में स्कूल प्रांगण और गांव में प्रवेश मार्ग जलमग्न हो जाते हैं, जिससे बच्चों और आम लोगों को चलने-फिरने में काफी दिक्कत होती है। कई बार कीचड़ में फिसलने की वजह से हादसे भी हो चुके हैं। नाली निर्माण के बाद इस समस्या से जल्द निजात मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और कई ग्रामीण मौजूद थे। लोगों ने नाली निर्माण कार्य शुरू करने के लिए विधायक और सांसद प्रतिनिधि का आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि इससे गांव का स्वच्छता और आवागमन बेहतर होगा।
प्रमुख उपस्थित लोगों में असित मिश्रा, गुरुचरण मंडी, चंदन सीट, बाड़ा मुर्मू, छटन माइती, रंजीत सिंह, कुम्हार सिंह, रघु दलाई सहित कई ग्रामीण शामिल थे।