चाकुलिया, 24 जून: चाकुलिया प्रखंड में छात्रों को निःशुल्क वितरित की जाने वाली शैक्षणिक पुस्तकों को कबाड़ी को बेचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीआरसी (ब्लॉक रिसोर्स सेंटर) गोदाम से इन पुस्तकों की अवैध बिक्री की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित चाकुलिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर दी है।
इस मामले में बीआरसी के बीपीओ तरुण गिरी के लिखित बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। प्राथमिक जांच के बाद पाया गया कि प्रखंड संसाधन केंद्र में तैनात नाइट गार्ड बापी दास इस पूरे मामले में संलिप्त था। उसे तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया है और वर्तमान में वह पुलिस हिरासत में है। पुलिस उससे विस्तृत पूछताछ कर रही है।
पुस्तकों के संग्रहण वाले भवनों और विद्यालयों को प्रशासन ने सील कर दिया है ताकि साक्ष्य से छेड़छाड़ न हो सके। प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीइइओ) से इस गंभीर लापरवाही पर 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जिले के अन्य प्रखंडों में भी पुस्तक वितरण व्यवस्था की गहन समीक्षा के निर्देश दिए गए हैं। वरीय अधिकारियों को कहा गया है कि वे अपने क्षेत्रों में जांच कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करें। साथ ही, जिला स्तर पर एक विशेष जांच समिति का गठन किया गया है, जो आगामी 48 घंटों में पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट सौंपेगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छात्रों के अधिकारों से किसी प्रकार की खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।