बहरागोड़ा, 24 जून संवाददाता (निलेश बेरा) – हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार और वादा खिलाफी के आरोप लगाते हुए मंगलवार को बहरागोड़ा में भारतीय जनता पार्टी ने एक दिवसीय आक्रोश रैली और धरना प्रदर्शन का आयोजन किया। यह प्रदर्शन डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, महिलाएं और छात्राएं शामिल हुईं।
प्रदर्शन की शुरुआत नेताजी सुभाष शिशु उद्यान से हुई, जहां से रैली निकाली गई और बहरागोड़ा के मुख्य बाजार का भ्रमण करते हुए प्रखंड सह अंचल कार्यालय के मुख्य द्वार तक पहुंची। रैली के दौरान भाजपा समर्थकों ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रखंड कार्यालय के समक्ष रैली एक जनसभा में तब्दील हो गई, जिसमें डॉ. गोस्वामी ने तीखे शब्दों में हेमंत सरकार को जनविरोधी करार दिया। उन्होंने कहा, “जनता मूलभूत सुविधाओं से वंचित है – अबुआ आवास, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, मईया सम्मान योजना, और बिजली जैसी योजनाओं का लाभ लोगों को नहीं मिल रहा।”

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बहरागोड़ा कॉलेज में इंटरमीडिएट की पढ़ाई बंद होने से ग्रामीण बच्चों का भविष्य खतरे में है। डॉ. गोस्वामी ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं हुआ तो भाजपा उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
धरना प्रदर्शन के अंत में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त के नाम एक ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी को सौंपा। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष चंडी चरण साव, सुमन कल्याण मंडल, बाप्तू साव, रंजीत कुमार बाला, कुमार गौरव पुष्टि, गौरीशंकर महतो, राजकुमार कर समेत कई नेताओं ने अपने विचार रखे।
मौके पर श्रीवत्स घोष, महादेव बैठा, भक्तिश्री पंडा, आशीष महापात्र, राखोहरि मुखी, अमरेंद्र दास, कमलकांत सिंह, उत्पल पैड़ा, मिंटू नायक, ज्योत्स्ना मयी बेरा, कृष्णा पाल, बिना पात्र, अर्चना दास, चंदन शीट, डोली मुर्मू, अमिता नायक समेत हजारों की संख्या में महिलाएं और पुरुष मौजूद रहे।