
बहरागोड़ा, संवाददाता (बापुन)।
बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के भूतिया पंचायत के मुखिया विधान चंद्र मंडी, जो आइएसओ सर्टिफाइड मुखियाओं में से एक हैं, बुधवार को रांची में आयोजित पंचायती राज की विशेष बैठक में शामिल होने के लिए रवाना हुए।
गौरतलब है कि पूरे बहरागोड़ा प्रखंड में भूतिया ही एकमात्र पंचायत है जिसे आइएसओ प्रमाणन प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि के बाद पिछले वर्ष मुखिया विधान चंद्र मंडी को केरल में सात दिवसीय विशेष भ्रमण और प्रशिक्षण का भी अवसर मिला था।

आइएसओ सर्टिफिकेट एक ऐसी मान्यता है जो यह दर्शाती है कि पंचायत ने प्रशासनिक मानकों और सेवाओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में उल्लेखनीय कार्य किया है। यह प्रमाणन पंचायत की पारदर्शिता और सुशासन की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जाता है।

रांची में होने वाली विशेष बैठक में विभिन्न पंचायत प्रतिनिधि और अधिकारी शामिल होंगे, जहां पंचायतों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा और निर्णय लिए जाएंगे। इस बैठक को मुखिया विधान चंद्र मंडी के लिए अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसमें वे अपने पंचायत के विकास और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर सकेंगे।
