चाईबासा, झारखंड संवाददाता – माओवादियों की गतिविधियों पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चाईबासा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार को भारी मात्रा में नकदी बरामद की है। प्राथमिक अनुमान के मुताबिक, बरामद राशि लगभग ₹35 लाख है। पुलिस का कहना है कि अंतिम गिनती थाने में की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, यह पैसा माओवादी संगठन द्वारा विस्फोटक खरीदने और सुरक्षाबलों के खिलाफ बारूदी सुरंग बिछाने की योजना के तहत इकट्ठा किया गया था। गुप्त सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यह रकम बरामद की।
पुलिस अधीक्षक चाईबासा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि यह बरामदगी माओवादियों की फंडिंग नेटवर्क पर करारा प्रहार है। उन्होंने बताया कि इस ऑपरेशन के पीछे विशेष खुफिया जानकारी थी और आगे की जांच जारी है।
पुलिस इस पैसे के स्रोत और इससे जुड़े अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की भी पहचान करने में जुटी हुई है। जल्द ही इस मामले में और खुलासे होने की संभावना है।