सरकारी कार्य में हस्तक्षेप का आरोप
चाकुलिया: प्रखंड विकास पदाधिकारी आरती मुंडा ने उप प्रमुख कविता साव के पति टुलू साव के खिलाफ थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में सरकारी कार्य में बाधा डालने, कार्यालय कर्मियों पर दबाव बनाने और प्रखंड कार्यालय के कामकाज में अनधिकृत हस्तक्षेप करने जैसे आरोप लगाए गए हैं।
ईंट मांगने और कर्मचारियों पर दबाव बनाने का आरोप
बीडीओ द्वारा थाना प्रभारी को दिए गए आवेदन में कहा गया है कि टुलू साव लगातार प्रखंड कार्यालय पहुंचकर भवन तोड़ने के बाद निकाले गए ईंटों की मांग कर रहे थे। आरोप है कि वे बिना किसी वैध दस्तावेज या स्वीकृति के ईंट लेने का दबाव बना रहे थे। शिकायत में यह भी कहा गया है कि वे अपने सहयोगी प्रकाश गोप के साथ कर्मचारियों को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
अभियंताओं से चंदा मांगने का भी आरोप
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि मंदिर निर्माण के नाम पर दो अभियंताओं राजेश कुमार राउत और हर प्रसाद महतो से एक-एक लाख रुपये चंदा मांगने का आरोप भी टुलू साव पर लगाया गया है। बीडीओ ने इसे सरकारी कर्मियों पर अनुचित दबाव बनाने की कोशिश बताया है।
गोपनीय दस्तावेजों का वीडियो बनाने की कोशिश
बीडीओ ने शिकायत में कहा है कि टुलू साव ने बिना अनुमति प्रखंड कार्यालय की नजारत शाखा में प्रवेश किया और वहां रखे गोपनीय दस्तावेजों एवं अभिलेखों का मोबाइल से वीडियो बनाने का प्रयास किया। साथ ही कर्मचारियों को धमकाने और कार्यालय की कार्य व्यवस्था प्रभावित करने का आरोप भी लगाया गया है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
इस संबंध में थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि बीडीओ का आवेदन प्राप्त हो चुका है। पुलिस ने सनहा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
झामुमो ने टुलू साव से बनाई दूरी
इधर, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष शिवचरण हांसदा ने बयान जारी कर कहा कि टुलू साव का पार्टी से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि टुलू साव झामुमो के प्राथमिक सदस्य भी नहीं हैं और पार्टी उनके कथित कार्यों का समर्थन नहीं करती।