चाकुलिया। संवाददाता (रोहन सिंह)
चाकुलिया नगर पंचायत में सोमवार को सीपीआई (एम) लोकल कमेटी ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जुलूस निकाला। पुराना बाज़ार स्थित डाक बंगला से शुरू हुआ यह जुलूस मुख्य बाज़ार सड़क से होते हुए प्रखंड कार्यालय पहुंचा। जुलूस का नेतृत्व पार्टी के राज्य कमेटी सदस्य स्वपन कुमार महतो ने किया।
प्रखंड कार्यालय पहुंचकर एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) आरती मुंडा को 11 सूत्री मांग पत्र सौंपा। इसमें मुख्य रूप से जंगली हाथियों से जान-माल की सुरक्षा के लिए ठोस योजना बनाने, अबुआ आवास योजना का लाभ वास्तविक लाभुकों तक पहुँचाने, भ्रष्टाचार और अनियमितताओं पर रोक लगाने, प्रमाण पत्र निर्गत की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने, मनरेगा मजदूरों को बकाया भुगतान के साथ-साथ 100 दिन का रोजगार सुनिश्चित करने की मांग शामिल रही।
इसके अलावा, ज्ञापन में झारखंड सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम मजदूरी लागू करने, जन-वितरण प्रणाली के माध्यम से हर माह राशन उपलब्ध कराने, प्राथमिक विद्यालयों में विषयवार शिक्षकों की नियुक्ति करने तथा वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन की राशि ₹1000 से बढ़ाकर ₹2500 मासिक करने की मांग भी उठाई गई।
कार्यक्रम में विद्यासागर मांडी, पानमनी माझी, दुर्गा माझी, चितरंजन महतो, सुकुमार राणा, बिपुल महतो, बीरेंद्र नायक समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।