चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : चाकुलिया प्रखंड के माटियाबांधी पंचायत अंतर्गत घाघरा गांव में सड़क किनारे लगा क्षतिग्रस्त बिजली का खंभा लोगों के लिए खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से ट्रांसफार्मर लगा एक बिजली खंभा क्षतिग्रस्त हो गया है। खंभा टूटने के कारण ट्रांसफार्मर एक तरफ झुक गया है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब एक महीने से खंभे की स्थिति ऐसी ही बनी हुई है, लेकिन अब तक विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने बताया कि पास में घाघरा उत्क्रमित मध्य विद्यालय भी स्थित है, जहां बच्चों की आवाजाही रहती है।
ग्रामीणों के मुताबिक मामले की जानकारी बिजली विभाग के कर्मचारियों को मौखिक रूप से दी जा चुकी है, इसके बावजूद अब तक क्षतिग्रस्त खंभे को बदला नहीं गया है। लोगों ने चेतावनी दी कि तेज आंधी या बारिश होने पर ट्रांसफार्मर गिर सकता है, जिससे बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इलाके में जंगली हाथियों की आवाजाही भी होती रहती है, ऐसे में स्थिति और ज्यादा खतरनाक बनी हुई है। लोगों ने विभाग से जल्द नया खंभा लगाने और खतरे को दूर करने की मांग की है।