चाकुलिया, 23 मई: चाकुलिया वन विभाग कार्यालय में शुक्रवार को हाथियों के हमले में मारे गए तीन लोगों के आश्रितों और पांच घायल व्यक्तियों को वन विभाग द्वारा मुआवजा राशि का भुगतान किया गया। इस अवसर पर विधायक समीर कुमार मोहंती, जिला परिषद सदस्य धरित्री महतो और रायदे हांसदा ने चेक वितरण किया।
मुआवजा राशि के तहत इंदबनी गांव के मृतक देवाशीष मुंडा की पत्नी दिव्या भारती मुंडा और चियांबांधी गांव की रतनी सबर की भतीजी बसंती सबर को तीन-तीन लाख रुपये दिए गए। गोहालमुड़ा के बबलू बास्के की पत्नी मालती बास्के को 3.75 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया।
घायलों को भी राहत राशि दी गई, जिसमें रघुनाथपुर गांव के साल्गे मुर्मू को 1.45 लाख, बड़ामारा के कुनाराम मुंडा को 1.50 लाख, हरिनिया गांव के सुशेन शेखर गिरी को 1.50 लाख, बरियाल टुडू को 19,000 और सालबनी गांव के महादेव सबर को 1.50 लाख रुपये मिले।
इस मौके पर जिला परिषद के पूर्व सदस्य जगन्नाथ महतो, सुनाराम हांसदा, गौतम दास, देवाशीष दास, विशाल बारीक, वनरक्षी विप्लव कुमार, भादू राम सोरेन, मुकेश गोराई, सुकलाल टुडू, किशोर करण महतो, तपन मुंडा, अनूप बेरा और तापस राय सहित कई अन्य मौजूद थे।