चाकुलिया, संवाददाता (रोहन सिंह)
शहर के पुराना बाजार स्थित सत्यनारायण ठाकुरबाड़ी मंदिर में रविवार की शाम श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भव्य नंदोत्सव का आयोजन किया गया। इस मौके पर भजनों की मधुर प्रस्तुति और भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान कोलकाता से आए प्रसिद्ध भजन गायक प्रेम सोनी और स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। “नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” भजन की धुन पर भक्त नाचने लगे। विशेष रूप से जब नंद बाबा टोकरी में बालकृष्ण को लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुँचे, तो पूरा मंदिर परिसर आनंद और उत्साह से गूँज उठा।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में आयश्री चावला, परिधि, हर्षिता अग्रवाल, पार्थ गुप्ता सहित अनेक छोटे बच्चों ने नृत्य और प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
आयोजन को सफल बनाने में ठाकुरबाड़ी कमेटी के संजय लोधा, वासुदेव रुंगटा, पप्पू लोधा, राजेंद्र लोधा, भरत शर्मा, दीपक झुनझुनवाला, कौशल रुंगटा, संजय बाकरेवाल, छोटू रुंगटा, परमेश्वर रुंगटा, आलोक लोधा, मुन्ना केड़िया, बसंत अग्रवाल, विजय अग्रवाल समेत कई सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। वहीं महिला समिति की पुष्पा रुंगटा, वीणा रुंगटा और मंजू अग्रवाल ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम के समापन पर भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।