बहरागोड़ा, संवाददाता (बापुन)।
बहरागोड़ा प्रखंड के पांचाडो गांव स्थित राधा कृष्ण मंदिर में सोमवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं नंदोत्सव बड़े ही धूमधाम और भक्ति भाव से मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
मंदिर प्रांगण को फूलों, झालरों और रंग-बिरंगी रोशनियों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। पूरे दिन भजन-कीर्तन और झांकियों का आयोजन हुआ। जन्मोत्सव की आरती के दौरान मंदिर परिसर “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने बारी-बारी से भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में छोटे-छोटे बच्चों द्वारा माखन चोरी की झांकी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ सभी के आकर्षण का केंद्र रहीं। मंदिर समिति की ओर से भक्तों के लिए भंडारे और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई थी। आसपास के गांवों से आए श्रद्धालुओं ने भी इस पर्व में पूरे उत्साह और भक्ति भाव से हिस्सा लिया।
इस मौके पर शिबशंकर साहू, नित्यानंद कारेक, समीर साहू, गोबिंद साहू, मनसा राम साहू, आकुल साहू, मिहिर कुमार, सत्यबान कुमार समेत कई सदस्यों की सक्रिय भूमिका से आयोजन सफल रहा।