चाकुलिया (अबुआ खबर डेस्क) : नगर पंचायत क्षेत्र के नया बाजार और पुराना बाजार चौक में अतिक्रमण की समस्या एक बार फिर गंभीर रूप धारण कर चुकी है। सड़कों पर अवैध कब्जे के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी हो रही है।
मार्च महीने में प्रशासन ने अंचलाधिकारी नवीन पूरती, नगर पंचायत के तत्कालीन प्रशासक चंदन कुमार और थाना प्रभारी संतोष कुमार के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया था। हालांकि कुछ ही महीनों में हालात जस के तस हो गए हैं। अब दुकानदारों ने फिर से सड़क पर कब्जा कर अपनी दुकानें सजा ली हैं, जिससे नया बाजार अंडरपास से लेकर सुभाष चौक होते हुए गौशाला तक जाम की समस्या बनी रहती है।
खुले स्थानों पर गंदगी और बदबू
अतिक्रमण के साथ-साथ गंदगी भी एक बड़ी समस्या बन गई है। नागा बाबा मंदिर, प्रखंड सह अंचल कार्यालय और नगर पंचायत कार्यालय जाने वाले मुख्य मार्ग पर खुले में मुर्गा-मांस-मछली की दुकानें लग रही हैं। इन दुकानों से निकलने वाले अवशेष सड़कों पर फेंक दिए जाते हैं, जिसके कारण पूरे इलाके में दुर्गंध फैल रही है। इससे न केवल राहगीर परेशान हैं बल्कि स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है।
प्रशासन की चुप्पी पर नाराज़गी
स्थानीय लोग लगातार शिकायत कर रहे हैं, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों का कहना है कि प्रशासन की चुप्पी से अतिक्रमणकारियों का मनोबल और बढ़ रहा है। नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है ताकि बाजारों से अतिक्रमण और गंदगी की समस्या दूर हो सके।