चाकुलिया, संवाददाता (रोहन सिंह) ।
चाकुलिया थाना क्षेत्र के मटियाबांधी पंचायत के धानघोरी गांव में एक भयावह घटना सामने आई, जिसमें 33 वर्षीय कृष्णा हेंब्रम ने पड़ोस में रहने वाली 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला सिनगो किस्कू की हत्या कर दी।
घटना के अनुसार, कृष्णा हेंब्रम ने महिला पर पीछे से झपट्टा मारा, उनका बाल पकड़कर हाथ में रखे हसुएँ से हमला किया। हमला इतना घातक था कि महिला मौके पर ही दम तोड़ गई।
ग्रामीणों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को दबोचा और पिटाई की। बाद में चाकुलिया थाना को इसकी सूचना दी गई। पुलिस अवर निरीक्षक अजीत कुमार और एएसआई पीतांबर मंडल दलबल के साथ रात में मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में चाकुलिया थाना में कांड संख्या 56/2025 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया और आरोपी कृष्णा हेंब्रम को सोमवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, कृष्णा हेंब्रम अक्सर शराब पीता था और उसका स्वभाव सनकी था। इसके अलावा, उसके पिता और भाई की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। करीब तीन महीने पहले उसने अपनी मां को घर से भगा दिया था, और उसकी पत्नी भी प्रताड़ना से परेशान होकर अपने बच्चों के साथ मायके चली गई थी। घटना के समय कृष्णा अकेला घर में रह रहा था।
हालांकि हत्या के पीछे कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है, ग्रामीण दबी जुबान में इसे डायन-बिसाही से जोड़कर चर्चा कर रहे हैं। पुलिस फिलहाल इस पहलू की जांच नहीं कर रही है।