चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति को लेकर समाजसेवी चंदन महतो ने चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बावजूद क्षेत्र में आज तक एक भी समुचित शहरी स्वास्थ्य केंद्र शुरू नहीं हो पाया है। इससे आम जनता को बुनियादी चिकित्सा सुविधाओं के लिए भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों को मामूली इलाज के लिए भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चाकुलिया पर निर्भर रहना पड़ता है। जबकि नगर पंचायत क्षेत्र में शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैसी सुविधाओं का होना आवश्यक है। इसका सबसे अधिक प्रभाव गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में एक अटल क्लीनिक संचालित किया जा रहा है। यह क्षेत्र की आबादी और जरूरतों के हिसाब से बिल्कुल अपर्याप्त है। इस क्लीनिक में पर्याप्त दवाओं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की व्यवस्था नहीं होने से लोगों को समुचित इलाज नहीं मिल पाता।
उन्होंने बताया कि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को मजबूरन चाकुलिया से बाहर पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम या ओडिशा के बारिपदा स्थित अस्पतालों में जाना पड़ता है। इससे गरीब परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है और इलाज में देरी होने से कई बार मरीजों की स्थिति गंभीर हो जाती है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में जल्द से जल्द एक पूर्ण विकसित शहरी स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की जाए।