Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया: सात माह से जलमीनार ठप, 70 परिवारों पर बढ़ा जल संकट — विधायक ने दिए त्वरित मरम्मत के निर्देश

Spread the love

चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या दो में सागर बांध के पास स्थित जलमीनार पिछले सात महीनों से खराब पड़ी है। इस वजह से वार्ड 2 और 3 के लगभग 70 परिवार गंभीर जल संकट से गुजर रहे हैं। दैनिक जरूरतों के लिए लोगों को पानी जुटाने में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।

जलमीनार के काम न करने से स्थानीय निवासी पीने और इस्तेमाल का पानी करीब 500 मीटर दूर बाजार से ढोने को मजबूर हैं। वार्ड 3 का सरकारी कुआं भी जर्जर अवस्था में है, जिससे ग्रामीण उसका उपयोग नहीं कर पाते। नहाने जैसे आवश्यक कार्यों के लिए लोग सागर बांध के पानी पर निर्भर हो गए हैं, जिससे स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ गया है।

लगातार अनदेखी से परेशान सुनील कुमार मिश्रा, बंकिम बेरा, केशव बेरा, पिकलु बेरा समेत कई ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह स्थानीय विधायक समीर कुमार मोहंती से मुलाकात की। ग्रामीणों ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए कई बार नगर पंचायत के पदाधिकारियों को जानकारी दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधायक समीर मोहंती ने नगर पंचायत के प्रशासक मोटाय बानरा से बात की और तुरंत कार्रवाई करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समस्या का समाधान जल्द से जल्द किया जाए।

विधायक के निर्देश के बाद नगर प्रबंधक अनंत खलखो, प्रभात मिंज, कनीय अभियंता रोहित लकड़ा और असीम नाथ की टीम नामोपाड़ा पहुंची और जलमीनार की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बात कर समस्या के हर पहलू की जानकारी ली।

निरीक्षण के बाद नगर प्रबंधक ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि एक माह के भीतर जलमीनार को दुरुस्त कर दिया जाएगा। जब तक मरम्मत का काम पूरा नहीं होता, तब तक नगर पंचायत की ओर से टैंकर के माध्यम से पेयजल आपूर्ति की जाएगी, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।

देवीरानी सबर, रंजीता सबर, विजया सबर, चंद्र मोहन बेरा, सुमंत बेरा और राधेश्याम मिश्रा सहित कई ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि जलमीनार बंद होने से पूरा टोला पानी के लिए परेशान है। ग्रामीणों ने आशा जताई कि अब समस्या का स्थायी समाधान होगा।