चाकुलिया: चाकुलिया के चालुनिया पंचायत में जोड़ाम के पास स्थित तुलसीबनी शिवराम आश्रम परिसर में भव्य शिव मंदिर में सोमवार को शिव रामेश्वर महादेव की विधि विधान के साथ प्रतिष्ठित किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह में आश्रम के पास स्थित तालाब से गाजा बाजा के साथ कलश यात्रा निकाली गयी। कलश यात्रा में अनेक महिलाएं अपने सिर पर जल से भरा कलश लेकर चल रही थी। यह कलश यात्रा मंदिर पहुंच कर समाप्त हुई। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
इसके बाद पुजारी विश्वनाथ चौधरी समेत अन्य पुजारियों द्वारा वेदी पूजन एवं रुद्राभिषेक सह प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम संपन्न कराया गया। दोपहर में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में आश्रम के आनंद ब्रह्मचारी,प्रणव बेरा, तुषार महतो, संजय महतो, ठाकुर दास दियासी, भागवत सोरेन, सुभाष महतो, सुधीर महतो,अनिल महतो, प्रशांत बेरा, मदन बेरा, विश्वनाथ चौधरी, रंजन मंडल, पूर्णिमा चौधरी, उमा बेरा, सौमिता कटारी, अक्षय नायक, विशेश्वर ग्वाला, रंजन मंडल आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।