Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया में महिलाओं को दी गई साइबर क्राइम से सुरक्षा की जानकारी, ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ कार्यक्रम के तहत आयोजित हुई कार्यशाला

Spread the love

चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) :
चाकुलिया प्रखंड सह अंचल कार्यालय में शुक्रवार को ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत साइबर क्राइम से बचाव एवं जागरूकता पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं, किशोरियों और बालिकाओं को डिजिटल युग में सुरक्षित रखने के लिए जागरूक करना था।

इस अवसर पर साइबर विशेषज्ञ तारक नाथ दास ने उपस्थित महिलाओं को साइबर अपराध के विभिन्न प्रकार, सोशल मीडिया से जुड़ी सावधानियां, ऑनलाइन गेमिंग और डिजिटल ठगी जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबरों, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया और स्वयं सुरक्षा के लिए अपनाए जाने वाले व्यावहारिक उपायों को भी साझा किया।

थाना प्रभारी श्रीनिवास कुमार ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, जिनसे बचाव के लिए हर महिला को जागरूक और सतर्क रहना जरूरी है। उन्होंने यह भी बताया कि कैसे सोशल मीडिया पर ठगी, अश्लीलता या ब्लैकमेलिंग जैसे अपराधों को समझकर रोका जा सकता है।

कार्यशाला में सीओ नवीन पुरती, बीडीओ आरती मुंडा, बिष्टुपुर साइबर थाना प्रभारी श्रीनिवास कुमार, इंस्पेक्टर कुणाल राजा, नीतू सिंह समेत अन्य पदाधिकारी और ग्रामीण महिलाएं उपस्थित थीं।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं ने इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे प्रशिक्षण उन्हें आत्मनिर्भर और सजग बनाते हैं।