रांची/धनबाद – कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और धनबाद के पूर्व सांसद ददई दुबे का गुरुवार को निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर से झारखंड की सियासत और कांग्रेस संगठन में शोक की लहर दौड़ गई है।
ददई दुबे झारखंड के बिश्रामपुर विधानसभा सीट से चार बार विधायक रहे और राज्य सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी भी निभा चुके थे। अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने संगठन और जनता के बीच गहरी पैठ बनाई। वे झारखंड राज्य के गठन से पहले और बाद, दोनों ही दौर में सक्रिय राजनीति में प्रमुख चेहरा रहे।
उनके निधन पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया,
> “वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद ददई दुबे जी के निधन की खबर अत्यंत दुःखद है। सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में उनका योगदान अविस्मरणीय है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को धैर्य दें।”
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, ददई दुबे का निधन झारखंड की राजनीति के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्होंने अपने करियर में कांग्रेस पार्टी को राज्य में मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई थी।