धनबाद (झारखंड): कोयला नगरी धनबाद से एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जिले के बाघमारा थाना क्षेत्र अंतर्गत केशरगढ़ में बुधवार रात एक अवैध कोयला खदान धंसने से अब तक 9 मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। कई मजदूरों के अब भी मलबे में दबे होने की आशंका है, जिससे मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।
हादसे का विवरण:
बताया जा रहा है कि ब्लॉक-2 क्षेत्र में एक अवैध खदान में मजदूर रात के समय काम कर रहे थे, जब अचानक खदान की चाल धंस गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू कर दिया और कुछ मजदूरों को बाहर निकाला गया। इसके बाद प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
विधायक सरयू राय ने जताई चिंता:
पूर्व मंत्री और विधायक सरयू राय ने घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व Twitter) पर पोस्ट करते हुए कहा कि:

“अवैध खनन को लेकर प्रशासन की चुप्पी शर्मनाक है। इस घटना के पीछे चुनचुन नामक व्यक्ति का हाथ है, जिसे स्थानीय प्रभावशाली लोगों का संरक्षण प्राप्त है। माफिया अब शवों को गायब करने की कोशिश में लगे हैं।”
सरयू राय ने तुरंत धनबाद के एसएसपी को सूचना दी और कार्रवाई की मांग की है।
अभी तक नहीं आया प्रशासन का आधिकारिक बयान:
घटना को लेकर अब तक जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। राहत और बचाव कार्य जारी है और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। चश्मदीदों की मानें तो…
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस इलाके में लंबे समय से अवैध खनन का धंधा बेखौफ जारी है। कई बार शिकायत के बावजूद कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई।