बहरागोड़ा संवाददाता (बापुन) :
बहरागोड़ा प्रखंड के मौदा पंचायत भवन परिसर में मंगलवार को आईटीडीए योजना के तहत स्वीकृत धूमकुड़िया भवन निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर विधायक समीर महंती और सांसद प्रतिनिधि कुमार गौरव पुष्टि संयुक्त रूप से उपस्थित रहे और भवन निर्माण कार्य की आधारशिला रखी।
शिलान्यास कार्यक्रम की शुरुआत चौरंगी चौक से हुई, जहां बैंड-बाजे के साथ जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया गया। शिलान्यास स्थल पर पहुंचने पर जेएसएलपीएस की दीदियों ने पुष्पगुच्छ और माला भेंट कर अतिथियों को सम्मानित किया।
धूमकुड़िया भवन का निर्माण कार्य श्रीराम इंटरप्राइजेज द्वारा कराया जाएगा, जिसकी अनुमानित लागत लगभग ₹76 लाख है। इस भवन के निर्माण से स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों को सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए एक स्थायी स्थान उपलब्ध होगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक समीर महंती ने कहा कि, “मौदा पंचायत के ग्रामीणों की लंबे समय से यह मांग थी, जिसे अब मूर्त रूप दिया जा रहा है। भवन का निर्माण क्षेत्र के सामाजिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।”
इस अवसर पर पंचायत मुखिया पुरुषोत्तम सिंह मुंडा, प्रखंड अध्यक्ष असित मिश्रा, मिंटू पाल, निर्मल दुबे, गुरुचरण मांडी, मीता साव, राजीव लेंका, अरूप गिरी, विशु ओझा, चंदन शीट, अर्चना माइती सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।