बहरागोड़ा संवाददाता (बापुन)
बडशोल थाना क्षेत्र में एनएच-49 पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक वृद्ध महिला की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतका की पहचान छोटा परुलिया गांव निवासी 60 वर्षीय सावित्री संड के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सावित्री संड सुबह अपने घर से जगन्नाथपुर चौक की ओर जा रही थीं, तभी बारासती चौक के समीप एक अज्ञात तेज़ रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के तुरंत बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही बडशोल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और एनएचएआई की एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को बहरागोड़ा सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए घाटशिला भेज दिया है। फिलहाल, पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
इस हादसे से मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजन घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल पहुंचे और बिलखते रहे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि हाइवे पर ट्रैफिक की सख्ती से निगरानी हो, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।