बहरागोड़ा, 5 अगस्त 2025 | संवाददाता: बापुन
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और जनजातीय नेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर बहरागोड़ा के पूर्व विधायक देवीपद उपाध्याय ने शोक जताया है। प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उन्होंने गुरुजी के निधन को झारखंड की राजनीति और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
पूर्व विधायक उपाध्याय ने कहा, “गुरुजी का जाना बेहद दुखद और पीड़ादायक है। उन्हें पूरे झारखंड में सम्मानपूर्वक ‘गुरुजी’ कहकर पुकारा जाता था और वे सचमुच झारखंड के जनमानस के नेता थे।”
उन्होंने आगे कहा कि गुरुजी का निधन केवल आदिवासी समाज के लिए नहीं, बल्कि पूरे राज्य के लिए नेतृत्व की कमी का एहसास कराने वाला क्षण है।
देवीपद उपाध्याय ने याद किया कि उनकी पहली मुलाकात शिबू सोरेन से 1980 में हुई थी। बाद में जब वे विधायक बने, तो गुरुजी के साथ व्यक्तिगत संबंध और गहरे हो गए। उन्होंने कहा, “गुरुजी ने सूदखोर महाजनों के खिलाफ जो आंदोलन चलाया, वह मुझे बेहद प्रेरणादायक लगा और मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा।”
पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पूरे सोरेन परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि इस दुःख की घड़ी में पूरा झारखंड उनके साथ खड़ा है।