Responsive Menu
Add more content here...

एनएच-18 पर भीषण हादसा: गैस टैंकर की टक्कर से 9 गौमाताओं की मौत

Spread the love

बहरागोड़ा | संवाददाता : बापुन
बहरागोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-18 पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। बहरागोड़ा महाविद्यालय के समीप डिवाइडर पर आराम कर रहीं दस गौमाताएं एक तेज़ रफ्तार एलपीजी गैस टैंकर (रजिस्ट्रेशन नंबर NH-01L-0259) की चपेट में आ गईं। इस घटना में नौ गायों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टैंकर टाटा से कोलकाता की ओर जा रहा था। घटना के बाद बहरागोड़ा और बड़शोल थाना की पुलिस त्वरित रूप से मौके पर पहुंची और टैंकर को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

स्थानीय नागरिकों ने उठाए गंभीर सवाल
घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण की धीमी गति और एनएच पर लगे खराब स्ट्रीट लाइट्स को हादसे का प्रमुख कारण बताया। उनका कहना है कि कई महीनों से सड़क पर अंधेरा पसरा रहता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

इसके साथ ही लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) पर भी निशाना साधते हुए कहा कि बाईपास सड़क की गलत डिजाइन और अधूरे निर्माण कार्य की वजह से भारी वाहन मुख्य सड़क पर ही दौड़ रहे हैं। इससे विद्यार्थियों, स्थानीय नागरिकों और आम राहगीरों की जान जोखिम में पड़ रही है।

मांग: जल्द हो सुधार
स्थानीय लोगों ने एनएचएआई और प्रशासन से मांग की है कि खराब स्ट्रीट लाइटों को जल्द ठीक किया जाए, बाईपास निर्माण कार्य को गति दी जाए और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।