Responsive Menu
Add more content here...

भाजपा का मास्टरस्ट्रोक : घाटशिला उपचुनाव में 40 स्टार प्रचारक मैदान में

Spread the love

रांची। झारखंड की चर्चित घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी बड़ी रणनीतिक चाल चल दी है। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने सोमवार को 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। इस सूची में केंद्रीय मंत्री से लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद तक शामिल हैं।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उड़ीसा के वरिष्ठ नेता जुएल ओराम, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और सांसद संजय सेठ समेत कई बड़े नेता घाटशिला में प्रचार का नेतृत्व करेंगे। खास बात यह है कि भाजपा ने इस चुनाव में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के शीर्ष नेताओं को भी मैदान में उतारा है, जिससे यह साफ हो गया है कि पार्टी इस सीट को हर हाल में जीतना चाहती है।

सूची में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, चंपई सोरेन, और पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा जैसे दिग्गज नेताओं को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है।

इसके अलावा सांसद निशिकांत दुबे, विद्युत वरन महतो, दुलू महतो, अमर बावरी, गीता कोड़ा, दीपक प्रकाश, सुनिल सोरेन, सी.पी. सिंह और आनंद शाही जैसे कई अनुभवी नेताओं को भी टीम में शामिल किया गया है।

भाजपा का यह कदम साफ संकेत देता है कि पार्टी घाटशिला उपचुनाव को प्रतिष्ठा की लड़ाई के रूप में देख रही है। अगले कुछ दिनों में सभी स्टार प्रचारक चरणबद्ध तरीके से विधानसभा क्षेत्र में पहुंचेंगे और भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार अभियान तेज करेंगे।

भाजपा के अनुसार, यह सूची 13 अक्टूबर 2025 को पार्टी मुख्यालय, नई दिल्ली से जारी की गई है।