बहरागोड़ा संवाददाता (निलेश बेरा)
बहरागोड़ा के ईचडाशोल मौजा स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में शुक्रवार को गुरु पूर्णिमा उत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। मौसम विभाग द्वारा 10 जुलाई को भारी वर्षा की संभावना के चलते विद्यालय में अवकाश घोषित कर दिया गया था, इसलिए यह उत्सव शुक्रवार को आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत वंदना से हुई, जिसके पश्चात महर्षि वेदव्यास जी के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर पूजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों को तिलक कर, माल्यार्पण कर एवं चरण स्पर्श कर कृतज्ञता व्यक्त की।

विद्यालय के प्रधानाचार्य अशोक कुमार नायेक (शिशु मंदिर) एवं वासुदेव प्रधान (विद्या मंदिर) ने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान आचार्यगण – राखहरि कुंडू, दर्प नारायण, गौरांग राणा, मानिक मान्ना, दिती मिश्र सहित कई छात्रों ने भी गुरु के महत्व पर अपने विचार साझा किए।
आचार्या दिती मिश्र ने अपने प्रेरणादायक संदेश में विद्यार्थियों को उत्साहित करते हुए कहा कि वे अपने लक्ष्य – चाहे डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक आदि – को प्राप्त कर एक आदर्श नागरिक बनें, यही अपने गुरुजनों के प्रति सच्ची गुरु दक्षिणा होगी।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ – नृत्य और संगीत – से भी सभी का मन मोह लिया।
अंत में किशोर भारती के अध्यक्ष जयप्रकाश गिरि भैया ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए सभा का समापन किया।