Responsive Menu
Add more content here...

वन भूमि पर पीसीसी निर्माण का मामला गरमाया: चाकुलिया में कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी

Spread the love

चाकुलिया (रोहन सिंह): चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 11 में एक विवादास्पद मामला सामने आया है, जहां गणेश रुंगटा की राइस मिल से वासुदेव रुंगटा की राइस मिल तक वन भूमि पर बिना अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) के पीसीसी पथ (कंक्रीट सड़क) का निर्माण किया गया है। इसको लेकर अब राजनीतिक माहौल गरमाने लगा है।

कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, वन विभाग को सौंपा ज्ञापन

कांग्रेस पार्टी ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए विगत गुरुवार को प्रखंड अध्यक्ष मुरारी लाल शर्मा के नेतृत्व में वन विभाग कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि अगर इस मुद्दे की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो जोरदार आंदोलन किया जाएगा।

दोहरा मापदंड: गरीबों के लिए सख्ती, रसूखदारों के लिए छूट?

मुरारी लाल शर्मा ने कहा:

> “वन विभाग एक ओर गरीबों के निर्माणाधीन अबुआ आवास को बिना नोटिस के तोड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर नगर पंचायत के तहत हो रहे पीसीसी निर्माण पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा। ये दोहरी नीति नहीं तो और क्या है?”

उन्होंने बताया कि सरडीहा पंचायत के रूपुषकुंडी गांव में तीन गरीब महिलाओं के निर्माणाधीन मकान को बिना किसी पूर्व सूचना के ध्वस्त कर दिया गया, जो कि पूरी तरह अवैधानिक है।

वन विभाग का जवाब: नोटिस जारी, जांच जारी

इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए वन क्षेत्र पदाधिकारी दिग्विजय सिंह ने कहा:

> “नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को नोटिस दिया गया है। अब तक कोई स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं हुआ है। जांच प्रक्रिया जारी है।”

– कांग्रेस की चेतावनी: निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो होगा आंदोलन

कांग्रेस ने दो टूक कहा है कि यदि वन भूमि पर पीसीसी निर्माण की उच्चस्तरीय जांच और जिम्मेदार अधिकारियों व संवेदकों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी जन आंदोलन शुरू करेगी।