जमशेदपुर, संवाददाता।
झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन के श्राद्धकर्म में शुक्रवार को राज्यपाल संतोष गंगवार स्वयं शामिल हुए। राज्यपाल सड़क मार्ग से जमशेदपुर पहुंचे और घोड़ाबांधा स्थित स्वर्गीय सोरेन के आवास पर जाकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की।
राज्यपाल ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार को सांत्वना दी और आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि रामदास सोरेन ने झारखंड की जनता के लिए जो कार्य किए हैं, उन्हें सदैव याद रखा जाएगा।
श्राद्धकर्म के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं और ग्रामीण जनता ने भी पूर्व मंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की।