जमशेदपुर। झारखंड की झामुमो, कांग्रेस और राजद गठबंधन सरकार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को राज्यव्यापी आंदोलन किया। इसी कड़ी में जमशेदपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए उपायुक्त कार्यालय का घेराव किया।
हटिया विधायक नवीन जसवाल और भाजपा जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर आदिवासी नेता सूर्य हसदा के कथित एनकाउंटर और रिम्स-2 निर्माण के लिए जबरन आदिवासी भूमि अधिग्रहण का आरोप लगाया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि आदिवासियों के अधिकारों का हनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि सूर्य हसदा एनकाउंटर की जांच सीबीआई से कराई जाए और रिम्स-2 को किसी अन्य स्थान पर स्थापित किया जाए।
भाजपा का यह आंदोलन राज्यभर में आयोजित किया गया, जिसमें हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर गठबंधन सरकार की नीतियों का विरोध दर्ज कराया।