Responsive Menu
Add more content here...

जमशेदपुर : बच्चे के अपहरण का मामला, मुर्शिदाबाद से मुख्य आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी

Spread the love

जमशेदपुर। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के रामदास भट्टा से बच्चे के अपहरण के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में मुख्य आरोपी शेख सादुल, जो पेशे से ड्राइवर है, को मुर्शिदाबाद से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, जिस स्कार्पियो गाड़ी से बच्चे को अपहरण कर मुर्शिदाबाद ले जाया गया, वह गाड़ी सादुल ही चला रहा था। साकची स्थित एसएसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि अपहरण में मुख्य आरोपी शेख सादुल के अलावा अमीन शेख सहित तीन अन्य लोग शामिल थे। पुलिस की टीम उनकी गिरफ्तारी के लिए मुर्शिदाबाद में लगातार छापेमारी कर रही है।

एसपी ने बताया कि अपहरण की वजह पैसों का लेन-देन विवाद था। बच्चे आरिश गद्दी के पिता फिरदौस गद्दी के भाई फिरोज गद्दी की कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करने वाले मजदूरों का भुगतान बकाया था। इसी विवाद के चलते उन्होंने बच्चे को आइसक्रीम खिलाने और घुमाने का बहाना बनाकर अपने साथ ले लिया।

मजदूर बच्चे को रामदास भट्टा से लेकर चेपा पुल होते हुए पटमदा मार्ग के रास्ते मुर्शिदाबाद ले गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से संदिग्धों की पहचान की और छापेमारी कर मुख्य आरोपी शेख सादुल को गिरफ्तार कर लिया।

बाकी तीन आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि उनकी भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

प्रेस वार्ता के बाद बच्चे के परिजनों ने सिटी एसपी कुमार शिवाशीष को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए धन्यवाद दिया।


🔹 मुख्य बातें:

बिष्टुपुर रामदास भट्टा से बच्चे का अपहरण

मुख्य आरोपी शेख सादुल मुर्शिदाबाद से गिरफ्तार

अपहरण का कारण मजदूरों के बकाया भुगतान पर विवाद

बच्चे को आइसक्रीम और घुमाने का बहाना देकर ले जाया गया

बाकी तीन आरोपी अभी फरार, पुलिस लगातार तलाश में