जमशेदपुर संवाददाता: जमशेदपुर में सड़क और फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने की जेएनएसी की मुहिम तेज़ हो गई है। प्रशासनिक टीम ने सोमवार को साकची क्षेत्र में एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए साकची से मानगो जाने वाली मुख्य सड़क के दोनों किनारों पर बनी अवैध पार्किंग, दुकानों के फैलाव और फुटपाथ कब्जे को हटाया।

इससे पहले जेएनएसी ने साकची पत्ता मार्केट को हटाकर बड़ा कदम उठाया था। ताज़ा अभियान में अधिकारी पूरी सख़्ती के साथ मौके पर मौजूद रहे, ताकि कार्रवाई के दौरान कोई अफरा-तफरी या बाधा न उत्पन्न हो।
जेएनएसी की प्रभारी अधिकारी ज्योति पांडेय ने बताया कि अभियान को लेकर स्थानीय दुकानदारों ने सहयोग दिखाया है। उनका कहना है कि लक्ष्य है—पूरे शहर की मुख्य सड़कों को अवैध कब्जे से पूरी तरह मुक्त करना, जिससे आम नागरिकों को ट्रैफिक जाम, पार्किंग समस्या और पैदल चलने में हो रही दिक्कतों से राहत मिल सके।