जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय का तीसरा दीक्षांत समारोह शुक्रवार को एक्सएलआरआई ऑडिटोरियम में गरिमामय वातावरण के बीच आयोजित हुआ। समारोह की मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने विभिन्न संकायों की छात्राओं को उपाधि और गोल्ड मेडल प्रदान किए।
कार्यक्रम के दौरान एम.ए., एम.एससी., एम.कॉम., बी.सी.ए. सहित कई स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की छात्राओं को डिग्रियां सौंपी गईं। विश्वविद्यालय की दो दर्जन से अधिक मेधावी छात्राओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को राज्यपाल ने मंच पर बुलाकर सम्मानपूर्वक उपाधि प्रदान की।
अपने संबोधन में राज्यपाल गंगवार ने कहा कि बेटियां हर क्षेत्र में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर देश और राज्य का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य के कई कॉलेजों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए सरकार गंभीर प्रयास कर रही है। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि सेशन लेट की समस्या समाप्त कर छात्रों को समय पर डिग्री उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।