जमशेदपुर। सांसद विद्युत वरण महतो और जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा के विधायक सरयू राय ने शनिवार को जनता के लिए विकास योजनाओं का शुभारंभ किया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने मिलकर 4 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
पश्चिम विधानसभा के मानगो नगर निगम क्षेत्र में 2 करोड़ 48 लाख रुपये की कुल 38 योजनाओं का शिलान्यास किया गया। वहीं, कदमा क्षेत्र में कई अन्य विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी हुआ।
सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य जनता को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि 15वें वित्त आयोग की सहायता से नाली निर्माण, पेवर्स ब्लॉक रोड और सामुदायिक भवन जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है। इन कार्यों की शुरुआत बरसात खत्म होते ही कर दी जाएगी।
इस मौके पर नगर आयुक्त कृष्ण कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।