जमशेदपुर, संवाददाता।
आगामी त्योहारों में आम नागरिकों को जाम की समस्या से राहत दिलाने और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जिला प्रशासन लगातार व्यस्त बाजार क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, एसएसपी पियूष पांडेय और अन्य वरीय अधिकारियों ने साकची बाजार का दौरा किया।
गौरतलब है कि हाल ही में मरीजों को अस्पताल ले जाने में जाम की समस्या का मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा है और प्रशासन को इस पर 25 अगस्त तक जवाब देना है।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने बताया कि उन्हें आम नागरिकों से बाजार में आवागमन को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। उसी के संदर्भ में यह निरीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि कई समस्याओं की वजह लोगों द्वारा नियमों का पालन न करना है। प्रशासन अब विभिन्न विभागों के साथ मिलकर रणनीति बनाएगा, ताकि त्योहारों के दौरान बाजारों को जाममुक्त बनाया जा सके।
वहीं, एसएसपी पियूष पांडेय ने बताया कि निरीक्षण में बाजार की सड़कों पर अतिक्रमण की समस्या सबसे बड़ी चुनौती के रूप में सामने आई है। उन्होंने कहा कि दुकानदारों के साथ बैठक कर अतिक्रमण हटाने और बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।