बहरागोड़ा, संवाददाता (बापुन)।
बहरागोड़ा प्रखंड के मुड़ादेवता मौजा स्थित मेसर्स शारदा प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ शुक्रवार को श्रमिकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। आरोप है कि कंपनी न्यूनतम मजदूरी अधिनियम का उल्लंघन कर रही है और कारखाने में कार्यरत करीब 400 मजदूरों का अमानवीय शोषण कर रही है।

प्रदर्शन का नेतृत्व ठेकेदार कामगार यूनियन बहरागोड़ा इकाई के सचिव चित्तरंजन महतो ने किया। इस दौरान श्रमिकों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में एक प्रतिनिधिमंडल ने श्रम अधीक्षक जमशेदपुर के नाम प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) केशव भारती को ज्ञापन सौंपा।

सीपीआई(एम) के जिला सदस्य सपन कुमार महतो ने कहा कि कंपनी मजदूरों के हक और अधिकार का हनन कर रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी मजदूरों से एकजुट होकर संघर्ष करने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं, तो उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।

श्रमिकों का कहना है कि फैक्ट्री में कार्य की स्थिति बेहद प्रतिकूल है और श्रम कानून का खुला उल्लंघन हो रहा है। न्यूनतम मजदूरी अधिनियम के तहत अकुशल श्रमिकों की दैनिक मजदूरी 435 रुपये तथा ठेका श्रमिकों की 505 रुपये तय है। ओवरटाइम सहित यह मजदूरी क्रमशः 910 रुपये और 954 रुपये होनी चाहिए।
लेकिन, कंपनी प्रबंधन केवल 255 रुपये दैनिक मजदूरी दे रही है और चार घंटे ओवरटाइम के बदले मात्र 350 रुपये का भुगतान कर रही है। श्रमिकों का आरोप है कि यह न्यूनतम मजदूरी अधिनियम का सीधा उल्लंघन है और इससे मजदूरों पर गंभीर आर्थिक व सामाजिक असर पड़ रहा है।