Responsive Menu
Add more content here...

केशरदा में भूमिज समाज फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ, युवाओं से संघर्ष का आह्वान

Spread the love

बहरागोड़ा, संवाददाता (एन बेरा )
बहरागोड़ा प्रखंड के केशरदा गांव में बीणापानी क्लब द्वारा भूमिज समाज के खिलाड़ियों के लिए रात्रिकालीन फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने फुटबॉल पर किक मारकर किया।

समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. गोस्वामी ने कहा कि फुटबॉल इस क्षेत्र का सबसे लोकप्रिय खेल है। उन्होंने सरकार से ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष सहायता देने की मांग की। साथ ही युवाओं से नशाखोरी के खिलाफ अभियान चलाने और अन्याय-अत्याचार के खिलाफ डटकर संघर्ष करने का आह्वान किया।

डॉ. गोस्वामी ने खिलाड़ियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद यहां के युवा उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में गांव के खिलाड़ी राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।

इस टूर्नामेंट में कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में डुमरडीहा फुटबॉल टीम ने बाजी मारी और विजेता बनी। विजेता टीम को ₹15,000 नगद और ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं, मुड़ाल फुटबॉल टीम उपविजेता रही, जिसे ₹10,000 नगद और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में जिला पार्षद भूपति नायक, रंजीत बाला, अशोक कर, आफताब आलम, बनविहारी साव, तपेश महापात्र, राजकुमार कर, प्रह्लाद घोष और समीर सेनापति ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य दुर्गा नायक, मेघलाल नायक, चंदन दीगर, तारापाद नायक, शंकर नायक, दीपक पातर, लालचंद नायक, सुभास नायक और अर्जुन नायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।