Responsive Menu
Add more content here...

केएमपीएम इंटर कॉलेज के संचालन की मांग को लेकर कांग्रेस का धरना, कंपनी प्रबंधन पर साधा निशाना

Spread the love

जमशेदपुर। संवाददाता

टाटा स्टील यूआईएसएल द्वारा संचालित केएमपीएम इंटर कॉलेज को बंद किए जाने के फैसले के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने बिष्टुपुर गोलचक्कर पर एक दिवसीय धरना दिया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कंपनी प्रबंधन के निर्णय का विरोध करते हुए कॉलेज का संचालन दोबारा शुरू करने की मांग उठाई।

धरने को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि टाटा समूह का लंबे समय तक शहर के सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। शिक्षा समेत समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कंपनी की भागीदारी रही है, लेकिन अब कंपनी का ध्यान मुख्य रूप से स्टील उत्पादन तक सीमित होता नजर आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सामाजिक जिम्मेदारियों से कंपनी धीरे-धीरे पीछे हट रही है।

परविंदर सिंह ने कहा कि केएमपीएम इंटर कॉलेज से जमशेदपुर के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों का शैक्षणिक भविष्य जुड़ा हुआ है। कॉलेज के बंद होने से छात्रों और उनके अभिभावकों के सामने परेशानी खड़ी हो सकती है। ऐसे में छात्रहित को प्राथमिकता देते हुए कंपनी प्रबंधन को कॉलेज का संचालन पुनः शुरू करना चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शिक्षा से जुड़े संस्थान को बंद करने के बजाय उसके संचालन को बेहतर बनाने की दिशा में कदम उठाए जाने चाहिए। पार्टी ने स्पष्ट किया कि यदि कॉलेज को दोबारा शुरू करने की दिशा में पहल नहीं हुई, तो छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे को लेकर आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।