चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : सावन माह की पावन सोमवारी पर धार्मिक उत्साह के साथ चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत लोधाशोली गांव के दर्जनों कांवरिए रविवार शाम रामपाल बांध से पवित्र जल भरकर झूमते-गाते हुए चित्रेश्वर धाम के लिए रवाना हुए। पूरे क्षेत्र में “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया।
कांवरियों के इस दल में युवाओं के साथ-साथ कई बाल कांवरिया भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। श्रद्धालु लगभग 45 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी कर सोमवार तड़के बहरागोड़ा स्थित पौराणिक चित्रेश्वर शिव मंदिर पहुंचेंगे, जहां वे भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।
ज्ञात हो कि सावन की सोमवारी पर चित्रेश्वर मंदिर में झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल से हजारों श्रद्धालु जल अर्पित करने पहुंचते हैं। यह मंदिर क्षेत्र में शिवभक्तों की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है।
कांवरियों के जत्थे में मनोज गोप, रंजन गोप, शत्रुघ्न गोप, अंबिका गोप, सचिन पातर, लखींद्र पातर, संदीप पातर, भवेश गोप, बादल गोप, दिकू मांडी, सपन गोप, देवा गोप, गंगा गोप, धनपति गोप, गोविंद गोप और कमलेश गोप समेत कई श्रद्धालु शामिल रहे।