रांची, संवाददाता।
झारखंड एटीएस की टीम ने कुख्यात गैंगस्टर मयंक सिंह उर्फ़ सुनील मिर्णा को रामगढ़ जेल से रांची स्थित एटीएस मुख्यालय तक लाया। मयंक को अगले छह दिनों तक कड़ी सुरक्षा में एटीएस हिरासत में रखा जाएगा और उससे महत्वपूर्ण पूछताछ की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, मयंक को हाल ही में अजरबैजान से प्रत्यर्पित कर झारखंड लाया गया था। फिलहाल उसे एटीएस रिमांड पर सौंपा गया है। मयंक, एनकाउंटर में मारे गए कुख्यात अपराधी अमन साहू का सबसे भरोसेमंद सहयोगी था। वह अमन साहू के फाइनेंशियल नेटवर्क के संचालन के साथ-साथ हथियारों की आपूर्ति श्रृंखला को भी मैनेज करता था। इसके अलावा, मयंक का अंतरराष्ट्रीय अपराधी लॉरेंस के साथ भी संबंध जुड़ा हुआ बताया जाता है।
एटीएस सूत्रों के मुताबिक, मयंक लंबे समय से विदेश में रहकर गैंग की गतिविधियां संचालित कर रहा था। सोशल मीडिया पर उसने कई बार हथियारों के साथ अपनी तस्वीरें साझा की थीं।
एटीएस टीम इस दौरान मयंक से गिरोह से जुड़े आर्थिक लेन-देन, हथियारों की आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग जुटाने की कोशिश करेगी। अधिकारियों का कहना है कि मयंक से मिलने वाली जानकारियों के आधार पर विदेशों में छिपे अन्य अपराधियों तक भी कार्रवाई की योजना बनाई जाएगी।