रांची, मंगलवार:
राजधानी रांची से एक बार फिर आतंकी कनेक्शन का खुलासा हुआ है। मंगलवार सुबह झारखंड एटीएस और दिल्ली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में लोअर बाजार थाना क्षेत्र के इस्लामनगर स्थित तब्रक लॉज पर छापेमारी की गई। कई घंटों तक चली इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है।
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पुलिस को इनपुट मिला था कि आईएसआईएस से जुड़ा एक व्यक्ति रांची में शरण लिए हुए है। इसके बाद दिल्ली पुलिस की टीम देर रात रांची पहुंची और झारखंड एटीएस के साथ मिलकर लॉज पर दबिश दी। तलाशी के दौरान संदिग्ध के पास से हथियार, कई डिजिटल दस्तावेज़, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और एक लिक्विड पदार्थ बरामद किया गया है। आशंका जताई जा रही है कि बरामद लिक्विड किसी तरह का विस्फोटक हो सकता है।
फिलहाल संदिग्ध की पहचान उजागर नहीं की गई है। पुलिस उसे कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली ले जाने की तैयारी कर रही है।
गौरतलब है कि झारखंड में समय-समय पर आईएसआईएस मॉड्यूल के कनेक्शन सामने आते रहे हैं। बीते वर्षों में एटीएस ने कई लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने आतंकी संगठन से जुड़े होने की बात कबूल की थी।
इस ताज़ा कार्रवाई के बाद इस्लामनगर इलाके में तनाव का माहौल है। सुरक्षा बलों की लगातार गश्त से स्थानीय लोग चिंतित और भयभीत नज़र आ रहे हैं।