Responsive Menu
Add more content here...

रांची के चुनुवाटोली में घुसा घर-घर पानी, दो साल की शिकायतें बेअसर, निगम चुप

Spread the love

रांची, 23 जून — राजधानी रांची की अव्यवस्थित जल निकासी व्यवस्था की पोल एक बार फिर खुल गई है। कांटाटोली स्थित चुनुवाटोली मोहल्ले में मात्र एक घंटे की बारिश ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इलाके के 20 से अधिक घरों में पानी घुस गया है, जिससे लोगों के कीमती सामान और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बर्बाद हो चुके हैं।

बड़ी नाली सिकुड़कर रह गई दो फीट की

स्थानीय लोगों ने बताया कि कांटाटोली फ्लाईओवर निर्माण के दौरान पहले से मौजूद 20 फीट चौड़ी जल निकासी नाली को अनदेखा कर दिया गया। अब वही नाली सिकुड़कर सिर्फ 2 फीट की रह गई है। इसका नतीजा यह है कि बारिश का पानी ठीक से बाहर नहीं निकल पा रहा और पूरा इलाका जलमग्न हो जा रहा है।

नगर निगम से दो वर्षों से की जा रही है शिकायतें

चुनुवाटोली के निवासी बताते हैं कि वे पिछले दो साल से लगातार नगर निगम को इस समस्या की शिकायत करते आ रहे हैं। कई बार ज्ञापन, फोन और शिकायत पत्र देने के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

लोगों का आक्रोश और सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है, “अगर एक घंटे की बारिश में यह हाल है, तो मानसून में क्या होगा?” कई परिवारों का कहना है कि उन्हें अपने घर छोड़ने की नौबत आ सकती है, क्योंकि हर साल यही स्थिति उत्पन्न होती है और जिम्मेदार चुप रहते हैं।

बुनियादी ढांचे की पोल खोलता उदाहरण

रांची नगर निगम की निष्क्रियता और जवाबदेही की कमी एक बार फिर सामने आई है। यह घटना शहर की अव्यवस्थित विकास योजनाओं और प्रशासनिक लापरवाही का स्पष्ट उदाहरण है।