रांची | संवाददाता
रांची में शनिवार को FIH मेंस जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप 2025 की ट्रॉफी का शानदार अनावरण किया गया। कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदीप्य कुमार ने मोराबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी का उद्घाटन किया।
16 किलो सोने से बनी है यह विशेष ट्रॉफी
जानकारी के मुताबिक यह वर्ल्ड कप ट्रॉफी देशभर के प्रमुख शहरों के दौरे पर है और आज इसका आगमन झारखंड की राजधानी रांची में हुआ। लगभग 16 किलो सोने से निर्मित यह ट्रॉफी अपनी भव्यता और कलात्मक सुंदरता के कारण विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रही।

चेन्नई और मदुरई में होगा जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप
FIH जूनियर हॉकी विश्व कप 2025 इस वर्ष 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक चेन्नई और मदुरई में आयोजित किया जाएगा। ट्रॉफी का रांची पहुंचना राज्य के उभरते खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए गर्व और उत्साह का बड़ा क्षण माना जा रहा है।
मंत्री सुदीप्य कुमार ने कहा कि ट्रॉफी का झारखंड आना हमारे खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है और यह राज्य में हॉकी के विकास का सकारात्मक संकेत है।
पूर्व खिलाड़ियों ने भी इस आयोजन की सराहना की और कहा कि झारखंड हॉकी प्रतिभाओं की धरती है, ऐसे आयोजनों से युवाओं में नए उत्साह का संचार होता है।
कार्यक्रम में दिखा उत्साह
ट्रॉफी अनावरण कार्यक्रम के दौरान स्टेडियम परिसर में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों की बड़ी संख्या मौजूद रही। पूरा माहौल उत्साह और गर्व से भरा दिखाई दिया।