बहरागोड़ा | संवाददाता
कड़ाके की ठंड में अलाव ताप रही एक महिला के साथ बड़ी दुर्घटना हो गई। बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के पाठपुर गांव में 36 वर्षीय बीना बेरा गंभीर रूप से झुलस गईं जब उनकी साड़ी अनजाने में अलाव की लपटों की चपेट में आ गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बीना बेरा अपने घर के बाहर अलाव ताप रही थीं। तभी उनकी साड़ी का सिरा आग के संपर्क में आ गया और देखते ही देखते आग तेज़ी से फैल गई। अचानक भड़की लपटों ने बीना को घेर लिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गईं।
महिला की चीख सुनकर परिजन और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाया। इसके बाद आनन-फानन में 108 एंबुलेंस से उन्हें बहरागोड़ा सीएचसी ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर होने के कारण बीना को पीआरएम मेडिकल कॉलेज, बारीपदा रेफर कर दिया।
ग्रामीणों ने सभी से अपील की है कि अलाव जलाते समय विशेष सावधानी बरतें, क्योंकि ऐसी लापरवाही बड़ी दुर्घटनाओं को जन्म दे सकती है।