बहरागोड़ा, संवाददाता:
बरसोल थाना क्षेत्र के एनएच-49 पर खंडामौदा बस स्टैंड के पास मंगलवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक विक्षिप्त महिला की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
हादसे का विवरण
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह दारिशोल से रांची जा रही यात्री बस (नंबर JH05 DU 5465) खंडामौदा बस स्टैंड के पास सड़क पार कर रही एक विक्षिप्त महिला को बचाने की कोशिश में अनियंत्रित हो गई और महिला उसकी चपेट में आ गई। महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
इसी दौरान पीछे से आ रहा कंटेनर (नंबर NL01 L 8852) बस से टकरा गया, जिससे दोनों वाहनों को क्षति पहुंची। सौभाग्य से बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही बरसोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमशेदपुर सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने बस और कंटेनर दोनों को जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
स्थानीयों में आक्रोश
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने हाईवे पर अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था पर नाराजगी जताई और प्रशासन से दुर्घटनाग्रस्त स्थल पर सड़क सुरक्षा उपायों की मांग की।