Responsive Menu
Add more content here...

खडामौदा हाई स्कूल की छात्रा प्रियंका कर का झारखंड अंडर-15 राज्य स्तरीय क्रिकेट टीम में चयन

Spread the love

बहरागोड़ा संवाददाता (एन.बेरा) : बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के खडामौदा हाई स्कूल में कक्षा अष्टम की छात्रा प्रियंका कर ने झारखंड राज्य स्तरीय अंडर-15 क्रिकेट टीम में चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रियंका कर, पिता देवराज कर, ग्राम खडामौदा, पूर्वी सिंहभूम की निवासी हैं और ग्रामीण क्षेत्र से आने के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से यह उपलब्धि हासिल की है।


प्रियंका ने क्रिकेट की शुरुआती ट्रेनिंग अपने पिता देवराज कर के मार्गदर्शन में प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने बहरागोड़ा के बीणापानि स्टेडियम परिसर स्थित बहरागोड़ा क्रिकेट एकेडमी में कोच निशिकांत कुमार के प्रशिक्षण में नियमित अभ्यास किया। कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास के दम पर उनका चयन झारखंड अंडर-15 राज्य स्तरीय क्रिकेट टीम के लिए हुआ।


प्रियंका के चयन से बहरागोड़ा क्रिकेट एकेडमी के खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। इस सफलता का श्रेय उनके पिता देवराज कर और कोच निशिकांत कुमार को दिया जा रहा है, जिनके मार्गदर्शन और सहयोग से यह संभव हो सका।
बहरागोड़ा बीणापानि पाठागार कमिटी, बहरागोड़ा प्रखंड विजय बोस मेमोरियल क्रिकेट कमिटी एवं बहरागोड़ा क्रिकेट एकेडमी की ओर से प्रियंका कर को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी गई हैं।